- सुबह का कोहरा नहीं, केडिया क्रशर से उड़ने वाली धूल है तस्वीर में नजर आ रही धुंध; राहगीरों और ग्रामीणों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा
पाटन। चुनकट्टा-मुड़पार मार्ग पर शाम होते ही ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, मानो सड़क पर घना कोहरा छा गया हो। लेकिन यह कोई सुबह का प्राकृतिक कोहरा नहीं, बल्कि केडिया क्रशर से उड़ने वाली धूल का गुबार है। सड़क पर फैली धूल के कारण आसपास का वातावरण धुंधला हो जाता है और राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय स्तर पर क्रशर से उड़ने वाली धूल को लेकर चिंता बढ़ रही है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर दृश्यता काफी कम हो गई है। दोपहिया वाहन चालक, साइकिल सवार और अन्य राहगीर धूल के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं। ऐसे में सामने से आने वाले वाहनों को देख पाना भी मुश्किल हो सकता है, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
क्रशर से निकलने वाली धूल आसपास के पेड़-पौधों, खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रही है। लगातार धूल के संपर्क में रहने से लोगों को सांस संबंधी परेशानी, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी हो सकता है।
सवाल यह है कि आखिर क्रशर संचालन के दौरान धूल नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे हैं? क्या नियमित पानी का छिड़काव और धूल रोकने के अन्य उपाय किए जा रहे हैं? खनिज विभाग और पर्यावरण विभाग को मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करनी चाहिए।
ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग केडिया क्रशर का निरीक्षण कर धूल नियंत्रण के इंतजामों की जांच करें और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करें, ताकि चुनकट्टा-मुड़पार मार्ग से गुजरने वाले लोगों को धूल के इस गुबार से राहत मिल सके।
