पाहंदा में अविश्वास प्रस्ताव के मतदान में सरपंच को मिली राहत, 11 मत पक्ष में आने के बावजूद नहीं जा सकी कुर्सी


पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत पाहंदा (अ) में सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आखिरकार पारित नहीं हो सका। बुधवार को पंचायत भवन में हुए मतदान में प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 10 मत पड़े। एक मत के अंतर से हुए इस घटनाक्रम के बाद सरपंच की कुर्सी फिलहाल सुरक्षित रह गई।
सरपंच के खिलाफ पंचायत के पंचों ने विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। इसी को लेकर बुधवार को प्रशासन की निगरानी में विशेष सम्मिलन आयोजित किया गया। मतदान प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी एवं नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी की उपस्थिति में संपन्न हुई।
सुबह से ही पंचायत भवन के आसपास राजनीतिक सरगर्मी बनी रही। मतदान और मतगणना को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों में उत्सुकता रही। परिणाम सामने आने के बाद अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 11 तथा विपक्ष में 10 मत मिलने की पुष्टि हुई।
हालांकि प्रस्ताव के पक्ष में अधिक मत पड़ने के बावजूद सरपंच को पद से हटाने के लिए आवश्यक कानूनी बहुमत पूरा नहीं हो सका। इसके चलते अविश्वास प्रस्ताव असफल रहा और सरपंच की कुर्सी बच गई। मतदान के इस नतीजे की गांव में काफी चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *