- पंचायत संबंधी लेनदेन की जानकारी मांगने पर हुआ विवाद, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
जामगांव आर। ग्राम पंचायत कुम्हली में पंचायत संबंधी लेनदेन की जानकारी मांगने को लेकर हुए विवाद में पंचायत सचिव के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और पंचायत भवन में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पंच को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर की है। ग्राम पंचायत की सामान्य बैठक के दौरान पंच मोगन सपहा (30 वर्ष) ने पंचायत संबंधी लेनदेन की जानकारी मांगी। सचिव अरुण कुमार निर्मलकर द्वारा सरपंच के आने के बाद जानकारी देने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी पर पंचायत भवन स्थित सरपंच-सचिव कक्ष के दरवाजे को लात मारकर तथा खराब सबमर्सिबल मोटर पंप से तोड़फोड़ कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।
सचिव की रिपोर्ट पर जामगांव आर पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को आरोपी मोगन सपहा, निवासी ग्राम कुम्हली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
