जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में रेल, सड़क एवं हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए बुलंद की आवाज
“वोट चोर गद्दी छोड़”, “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” के नारों से गूंजा महारैली स्थल
दुर्ग। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं इंडिया गठबंधन के आह्वान पर 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल हुए। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में दुर्ग ग्रामीण जिले के विभिन्न ब्लॉकों से कांग्रेस कार्यकर्ता रेल, सड़क एवं हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचे और महारैली में भाग लेकर लोकतंत्र, संविधान तथा नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद की।
महारैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” और “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” जैसे नारों के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। दुर्ग (ग्रामीण) के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में एकजुट होकर पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की रक्षा जरूरी : राकेश ठाकुर
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। मतदाता सूची में अनियमितताओं और एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर उठ रही चिंताओं का पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को देश के सामने उठा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की मांग है कि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष हो, संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनी रहे और प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
राकेश ठाकुर ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित यह महारैली लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। दुर्ग (ग्रामीण) के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह और एकजुटता के साथ इस अभियान में भाग लिया है, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों, संविधान की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
दुर्ग (ग्रामीण) से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन हुए शामिल
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) से महापौर निर्मल कोसरे, प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल, कमलेश साहू, करीम खान, कैलाश नाहटा, संतोष बाफना, उमेश साहू, धरम बर्रे, जगदीश मारकंडे, रोहित यादव, भूषण सोनवानी, मनहरण यादव, प्रमोद राजपूत, राजेश्वर सोनकर, देवेंद्र साहू, युवराज साहू, सागर निषाद, योगेश साहू, ओमनारायण वर्मा, अमृत राजपूत, अहेन्द्र चेलक सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
