लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ सभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना


दुर्ग। दुर्ग में आयोजित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ सभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो चुनाव आयोग को सही बताती है, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगती है। यही दोहरा चरित्र देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहा है।
महेश कॉलोनी में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय,भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

जेपी नड्डा ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का जिक्र करते हुए कहा कि देश में पहले भी कई बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया में 2 करोड़ 13 लाख ऐसे नाम हटाए गए, जो अनुपस्थित थे या देश के नागरिक नहीं थे। उन्होंने कांग्रेस पर घुसपैठियों के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता चुनाव हारने के बाद चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं, जबकि जनता का विश्वास ही चुनाव जीतने का आधार होता है।
आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की दुहाई देना दोहरा चरित्र : सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज भाजपा उन ताकतों के खिलाफ एकजुट हुई है, जो देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने ही आपातकाल लगाकर विपक्षी नेताओं को जेल में डाला था और मीडिया पर सेंसरशिप लागू की थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने धारा 356 का भी दुरुपयोग किया। चुनाव जीतने पर कांग्रेस को कोई परेशानी नहीं होती, लेकिन हारने पर चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया जाता है। जनता ऐसे दोहरे चरित्र को समझ चुकी है। देश में अराजकता फैलाने के उनके प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *