- बाइक यात्रा के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दे रहे संदेश, पाटन के वेटलैंड और पक्षियों की सुंदरता ने मोहा मन
पाटन। ‘स्वच्छ भारत और प्लास्टिक मुक्त भारत’ का संदेश लेकर बाइक से पूरे देश के भ्रमण पर निकले हरियाणा निवासी हरबख्श सिंह शुक्रवार को पाटन पहुंचे। यहां अनुविभागीय पत्रकार संघ पाटन के सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उनकी साहसिक एवं जनजागरूकता से जुड़ी राष्ट्रव्यापी यात्रा की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान हरबख्श सिंह ने आम जनता से पर्यावरण को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि केवल अपने घर को साफ रखने से स्वच्छता का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। इसके लिए पूरे भारत को अपना घर मानने की सोच विकसित करनी होगी। देश की नदियां, पहाड़, तालाब और प्राकृतिक संसाधन भी हमारे घर का हिस्सा हैं। इन्हें स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति के हुए कायल
पिछले 10 दिनों से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हरबख्श सिंह यहां की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों से काफी प्रभावित हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ को बेहद खूबसूरत राज्य बताया। जशपुर में उन्होंने स्थानीय हस्तशिल्प को करीब से देखा और हाथियों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं को साइकिल से स्कूल जाते हुए देखने का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां बालिकाओं की शिक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उनके अनुसार, यात्रा के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक पहल को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।
हरबख्श सिंह ने आम जनता से स्वच्छता बनाए रखने की भावुक अपील करते हुए कहा कि केवल अपने घर को स्वच्छ रखने से कुछ नहीं होगा, बल्कि हमें पूरे भारत को अपना घर मानना होगा। देश की नदियां, पहाड़, तालाब और अन्य प्राकृतिक संसाधन भी हमारे घर का हिस्सा हैं। इन्हें स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब हम अपने घर की तरह देश के सार्वजनिक स्थलों और प्राकृतिक धरोहरों की साफ-सफाई का ध्यान रखेंगे, तभी स्वच्छ भारत और प्लास्टिक मुक्त भारत का सपना साकार हो सकेगा।
पाटन के वेटलैंड और पक्षियों ने मोहा मन
पाटन पहुंचने पर हरबख्श सिंह ने यहां के प्रसिद्ध वेटलैंड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय और प्रवासी पक्षियों को करीब से देखा तथा क्षेत्र की प्राकृतिक जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र की सराहना की। वेटलैंड की प्राकृतिक सुंदरता ने उन्हें खासा प्रभावित किया।
इस अवसर पर पत्रकार संघ के सदस्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण पर रोक लगाने और जलस्रोतों को सुरक्षित रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अपनी बाइक यात्रा के माध्यम से हरबख्श सिंह लगातार लोगों को यह संदेश दे रहे हैं कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग बंद कर और नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। इस अवसर पर अनुविभागीय पत्रकार संघ पाटन के अध्यक्ष किशन हिरवानी, संदीप मिश्रा, बलराम यादव, भेदप्रकाश वर्मा, राजू वर्मा, अंचल पांडे सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
