खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारियों की पदोन्नति का रास्ता होगा साफ, एक सप्ताह में निराकरण का आश्वासन


रायपुर। खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारियों (बीईटीओ) की पदोन्नति एवं अन्य समस्याओं के निराकरण को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त संचालक प्रेमलता चंदेल से मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों की वरिष्ठता सूची जारी करने और पदोन्नति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग उठाई गई। संयुक्त संचालक ने एक सप्ताह के भीतर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बीईटीओ संवर्ग के प्रांतीय संयोजक बीएल वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा 14 अगस्त को जारी पत्र के अनुसार, सभी संयुक्त संचालकों से तीन दिनों के भीतर खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारियों की वरिष्ठता सूची मांगी गई थी। इसका उद्देश्य वर्ष 2025-26 की स्थिति में पात्र अधिकारियों की पदोन्नति की आगे की कार्रवाई करना था।

वर्मा ने बताया कि तीन संभागों से वरिष्ठता सूची स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय को भेजी जा चुकी है, लेकिन बिलासपुर संभाग से सूची अब तक नहीं भेजी गई है। इस संबंध में संघ की ओर से संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ से बिलासपुर संभाग के संयुक्त संचालक के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में प्रभारी उप साधन एवं मीडिया अधिकारी कार्यरत हैं। ऐसे में खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारियों की वरिष्ठता सूची जारी कर प्रदेश के 33 जिलों में पात्र अधिकारियों को पदोन्नति देने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जानी चाहिए। इससे लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों को लाभ मिल सकेगा।
प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर संयुक्त संचालक प्रेमलता चंदेल ने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर बीएल वर्मा, प्रांतीय संयोजक खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी प्रकोष्ठ, दुर्ग संभाग के कार्यकारी संभागाध्यक्ष विक्रम सिंह रामटेके सहित खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी जीआर भूआर्य, खोरबाहरा राम उर्वसा, केपी साहू एवं रमेश सोनबोईर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *