- विभिन्न गतिविधियों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का हुआ सम्मान
पाटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र कसही में आंगन का उत्सव (आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान गोदभराई, न्योता भोज, बच्चों की कुर्सी दौड़, व्यंजन प्रदर्शनी तथा महिलाओं की कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। वहीं बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व के प्रति अभिभावकों को जागरूक किया गया। व्यंजन प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल महामंत्री डॉ. सुरेश साहू ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिन बहनों एवं आशा कार्यकर्ताओं के सेवा एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा एवं जागरूकता पहुंचाना ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी दुर्ग अजय साहू ने बच्चों एवं अभिभावकों को पोषण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को मोबाइल एवं स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से दूर रखने तथा उनके शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और परिवार के साथ पर्याप्त समय बिताने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष ज्योति प्रकाश साहू, जनपद सदस्य कुसुमलता आड़ील, परियोजना अधिकारी छाया वर्मा, पर्यवेक्षक समता सिंह, परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल, तरीघाट सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू, ग्राम पंचायत कसही सरपंच किरण गायकवाड़ सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, मितानिन बहनें, ग्रामीण महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
