दुर्ग। सूखा नशा और नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नेवई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर स्टेशन मरोदा के शिवपारा स्थित शीतला तालाब के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को नशीली कैप्सूल बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 नग SPASMO कैप्सूल, बिक्री की 6,080 रुपये नकद रकम और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन मरोदा, शिवपारा क्षेत्र में दो व्यक्ति नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर भोजराज मारकण्डे उर्फ भोजू (36) निवासी शिवपारा, ग्राम पुरई तथा चंद्रशेखर साहू उर्फ शेखर साहू (32) को पकड़ा।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से नीले रंग की SPASMO Dicyclomine HCl, Tramadol HCl & Acetaminophen Capsules कुल 80 नग बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 48 ग्राम बताया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से नशीली दवाइयों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने कैप्सूल, बिक्री रकम और दो मोबाइल फोन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 637/2026, धारा 22(बी), 27(क) NDPS Act के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय दुर्ग भेज दिया।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भाग्यश्री ध्रुव, प्रधान आरक्षक 1557 नंदलाल सिंह, आरक्षक रवि बिसाई, प्यारे लाल साहू, विजय कुर्रे, नारायण लाल ठाकुर एवं देव प्रकाश वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाइयों एवं अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
नेवई पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई, 80 नशीली कैप्सूल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
