दुर्ग। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उतई पुलिस ने उमरपोटी बोगदा पुल के पास कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 12 ग्राम गांजा, 4,010 रुपये नगद और परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जूपिटर (CG 07 CY 0302) बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उमरपोटी बोगदा पुल के पास एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भूपेन्द्र उर्फ राजू गायकवाड़ (38 वर्ष) निवासी भाठापारा वार्ड क्रमांक 13, ग्राम परसदा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद बताया। नियमानुसार तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद क्रीम रंग के थैले से 2 किलो 12 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने नगदी और वाहन भी जब्त किया।
मामले में थाना उतई में अपराध क्रमांक 465/2026 के तहत धारा 20(ख)(ii)(B) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को 16 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या अवैध परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
उमरपोटी बोगदा पुल के पास गांजा बेचते आरोपी को उतई पुलिस ने पकड़ा, 2.12 किलो गांजा जब्त
