- आवक-जावक शाखा में कर्मचारी नहीं, आवेदन लेकर भटक रहे फरियादी; अधिकारी की गैरमौजूदगी में बढ़ी परेशानी
पाटन। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संचालित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय पाटन में ही अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। कार्यालय की आवक-जावक शाखा में कर्मचारी के नहीं होने के कारण अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन देने पहुंचे फरियादियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दूर-दराज से अपनी शिकायत और समस्याओं का आवेदन लेकर पहुंचे लोगों को जब आवेदन जमा करने के लिए संबंधित कर्मचारी नहीं मिलता, तो उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। खासकर ऐसे लोग, जो समय और पैसे खर्च कर उम्मीद के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचते हैं, उन्हें आवेदन तक जमा नहीं कर पाने से निराशा हाथ लग रही है।
फरियादियों के मुताबिक, एसडीएम के कार्यालय में मौजूद नहीं होने की स्थिति में भी आवेदन प्राप्त करने की कोई प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था नजर नहीं आती। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि अधिकारी किसी दिन कार्यालय में उपलब्ध नहीं हैं तो आम नागरिक अपनी शिकायत आखिर किसके पास दर्ज कराए?
जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
शासकीय कार्यालय में आवक-जावक शाखा का महत्वपूर्ण कार्य लोगों से आवेदन प्राप्त करना और उन्हें संबंधित शाखा तक पहुंचाना है। इसके बावजूद यदि यहां कर्मचारी उपलब्ध नहीं है तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
फरियादियों ने मांग की है कि एसडीएम कार्यालय में आवक-जावक शाखा को नियमित रूप से संचालित करने के लिए तत्काल कर्मचारी की व्यवस्था की जाए। साथ ही एसडीएम की अनुपस्थिति में भी आम नागरिकों के आवेदन प्राप्त करने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को बिना आवेदन जमा किए वापस न लौटना पड़े।
अब देखने वाली बात यह है कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेकर व्यवस्था में सुधार करता है या फिर अपनी समस्याओं को लेकर कार्यालय पहुंचने वाले फरियादी इसी तरह परेशान होते रहेंगे।
