शिवोम् विद्यापीठ सांकरा में उमंग और उल्लास के साथ मनाई गई जन्माष्टमी, दही-हांडी रही आकर्षण का केंद्र

पाटन। शिवोम् विद्यापीठ, सांकरा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी का पर्व भक्तिभाव, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया। विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियांँ देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही-हांडी प्रतियोगिता रही। विद्यार्थियों ने उत्साह और टीम भावना के साथ मानव पिरामिड बनाकर दही-हांडी फोड़ने का प्रयास किया। जैसे ही हांडी फूटी, पूरा विद्यालय परिसर “जय श्रीकृष्ण” और “गोविंदा आला रे” के जयघोष से गूंज उठा। दही-हांडी ने विद्यार्थियों में सहयोग, साहस, समन्वय और टीम भावना का उत्साहपूर्ण संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भजनों एवं नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियां भी दीं। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों का कृष्ण एवं राधा के रूप में मनमोहक श्रृंगार समारोह का विशेष आकर्षण रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएंँ देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेम, कर्म, सत्य, सद्भाव और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *