भिलाई नगर। भाजपा नेता एवं छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के पूर्व सदस्य विजय साहू ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों का परिणाम बताया है।
श्री साहू ने कहा कि दुनिया में तेल की बढ़ती कीमतों, वैश्विक सप्लाई चेन की चुनौतियों और आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की विकास यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में देश ने 7.8 प्रतिशत की मजबूत जीडीपी वृद्धि दर्ज की है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह दर 6.9 प्रतिशत थी। यह आंकड़ा भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और विकास की निरंतरता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि निवेश में 11.9 प्रतिशत, सेवा क्षेत्र में 10 प्रतिशत और विनिर्माण क्षेत्र में 9.2 प्रतिशत की वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि देश में आर्थिक गतिविधियों का आधार लगातार मजबूत हो रहा है। उद्योग, निवेश और सेवा क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियां रोजगार एवं नए आर्थिक अवसरों को भी गति दे रही हैं।
विजय साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, बुनियादी ढांचे के विस्तार और निवेश को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की है। वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बीच मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीति और विकास-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेज गति से अग्रसर है।
