गैस सिलेंडर वितरण में देरी से भड़का आक्रोश, उपभोक्ताओं ने किया शताक्षी गैस एजेंसी के पास किया चक्काजाम


पाटन। करसा स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर वितरण में देरी से नाराज उपभोक्ताओं ने चक्काजाम कर दिया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने पहले से सिलेंडर की बुकिंग करा रखी है, बावजूद इसके उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि कई लोगों ने दो से तीन दिन पहले ही सिलेंडर बुक कराया था, जिसकी पर्ची भी उन्हें दी गई है। इसके बाद आज सुबह से बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े हैं, लेकिन दोपहर 12 बजे तक भी सिलेंडर वितरण शुरू नहीं किया गया।
बताया जा रहा है कि एजेंसी के बाहर 150 से अधिक उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े थे। लंबे इंतजार के बाद उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। स्थिति को देखते हुए डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर बुकिंग कराने के बावजूद घंटों इंतजार करवाया जा रहा है। उनका सवाल है कि जब बुकिंग की पर्ची पहले ही जारी कर दी गई है तो सिलेंडर वितरण में इतनी देरी क्यों की जा रही है।
गौरतलब है कि शताक्षी गैस एजेंसी में इस तरह की शिकायतें पूर्व में भी कई बार सामने आ चुकी हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर तत्काल गैस सिलेंडर वितरण शुरू कराने और व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *