पाटन। अनुविभाग के एसडीओपी अनूप लकड़ा के दुर्ग स्थानांतरण के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल के दौरान लकड़ा ने पाटन अनुविभाग में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अनूप लकड़ा ने जनवरी 2025 में पाटन एसडीओपी के रूप में पदभार संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। उनके कार्यकाल को पाटन क्षेत्र की जनता ने भी सराहा।

स्थानांतरण के बाद लकड़ा ने दुर्ग में साइबर क्राइम थाना के प्रभारी के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। विदाई समारोह के दौरान उन्होंने पाटन में बिताए अपने कार्यकाल की पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने कहा कि जब वे पहली बार पाटन आए थे, तब क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनके लिए एक बड़ी चुनौती थी। स्टाफ और आमजन के सहयोग से इन चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने अपने कार्यकाल को यादगार बताया। पुरानी यादों को साझा करते हुए वे भावुक भी हो गए।

इस अवसर पर नवनियुक्त एसडीओपी प्रांशु तिवारी ने कहा कि पूर्व एसडीओपी अनूप लकड़ा के कार्यकाल में बेहतर कार्य हुआ है। उनके द्वारा स्थापित व्यवस्था को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पाटन अनुविभाग की कानून-व्यवस्था को संभालना एक बड़ी जिम्मेदारी है। आम जनता को पुलिस से जोड़कर विश्वास का माहौल बनाए रखना तथा पुलिस की जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करना उनकी प्राथमिकता होगी।
विदाई समारोह में नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष निक्की योगेश भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, वरिष्ठ नागरिक मेहतर वर्मा, पाटन थाना प्रभारी राजेश मिश्रा, अमलेश्वर थाना प्रभारी बसंत बघेल, उतई थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, जामगांव थाना प्रभारी तारिक खान, रानीतराई थाना प्रभारी हूब चंद्राकर सहित एसडीओपी कार्यालय के कर्मचारी चंद्रभान बर्रै, उत्तम देशमुख, सुरेंद्र साहू, नीरज लिंबू, रामेश्वर साहू, घणाराम निषाद समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं आमजन उपस्थित रहे।
