दो साल से फरार हत्या का आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, उतई पुलिस की बड़ी सफलता


तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और विशेष टीम की कार्रवाई से आरोपी सुमित लालवानी दबोचा गया, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया


दुर्ग। थाना उतई पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और पुलिस की सतत निगरानी के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना उतई में दर्ज अपराध क्रमांक 240/2024 में हत्या के मामले की विवेचना भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत की जा रही है। इस प्रकरण में पहले ही दीपजोत कौर संधु उर्फ निक्की और एक अपचारी बालिका को 14 अगस्त 2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था। फरार आरोपी सुमित हीरानंद लालवानी की लगातार तलाश की जा रही थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन नागपुर में ट्रेस की। योजनाबद्ध घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित हीरानंद लालवानी (30 वर्ष) निवासी दयानंद पार्क, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नारा रोड, थाना जेरीपटका, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से ₹9,000 नकद भी जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक श्रीराम पेन्ड्रो, सहायक उप निरीक्षक सुरेश पाण्डेय, आरक्षक ध्रुवनारायण चन्द्राकर सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी फरार आरोपी या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *