?रिपोर्ट विक्रम कुमार नागेश गरियाबंद ब्यूरो
गरियाबंद। पांडुका का वन परिक्षेत्र के पीपरछेड़ी गांव में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की उपस्थिति देखने को मिल रही है। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए ने दो दिन पहले एक बछड़े का भी शिकार किया है। गांव के कुछ लोगो ने स्कूल के शौचालय की छत पर भी तेंदुए को देखे जाने की जानकारी दी है। ग्रामीणों ने इसका एक वीडियो भी बनाया है। वन विभाग भी तेंदुए की उपस्थिति होने की बात स्वीकार कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार तेंदुए ने मंगलवार शाम को एक बछड़े का शिकार किया था। बछड़ा ऊपरपारा निवासी काशीराम कमार का था। ग्रामीणों के मुताबिक बछड़ा शाम को घर के आसपास घूम रहा था। अचानक तेंदुआ आया और उठाकर ले गया।
ग्रामीणों ने बुधवार शाम करीब 7:30- 8:00 बजे एक बार तेंदुआ को गांव में देखा। तेंदुआ गांव के स्कूल में बने शौचालय के ऊपर छत पर चहलकदमी करता रहा। ग्रामीण दूर से खड़े होकर तेंदुए को देखते रहे। तेंदुआ भी ग्रामीणों को देखकर आंख मिचौली खेलता रहा।
तेंदुए की उपस्थिति से ग्रामीणों में दहशत बना हुआ है। लोगो का घरो से बाहर निकलना बंद हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ अभी गांव के आसपास मंडरा रहा है। जो शाम होते ही गांव में घुस जाता है। ग्रामीणों ने तेंदुए की खबर वन विभाग को दी है।
पांडुका वनपरिक्षेत्र अधिकारी संजीत मरकाम ने ताजा खबर को जानकारी देते हुए बताया कि पीपरछेड़ी में कुछ दिनों से तेंदुए की उपस्थिति बनी हुई है। वन विभाग तेंदुए पर नजर बनाए हुए है। मंगलवार को बछडे का शिकार करने के कारण वह बार बार गांव की तरफ आ रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इसके लिए पिंजरा लगाने की जरूरत नही है।
