दरबार मोखली–बेलौदी मार्ग के प्रभावित किसानों ने मुआवजा भुगतान की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन


पाटन। दरबार मोखली–बेलौदी मार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का लगभग तीन वर्षों से लंबित मुआवजा भुगतान कराने की मांग को लेकर प्रभावित किसानों ने सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने ज्ञापन में बताया कि सड़क निर्माण के लिए उनकी भूमि का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन मंत्रालय स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन संबंधी दस्तावेज लंबित होने के कारण स्वीकृत मुआवजा राशि का भुगतान अब तक नहीं हो पाया है। इससे प्रभावित किसान लंबे समय से आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने से उन्हें खेती-किसानी सहित अन्य आवश्यक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से लंबित प्रक्रिया का शीघ्र निराकरण कर सभी प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *