चुनकट्टा बाजार में मौत को न्योता दे रहे ओवरलोड गिट्टी से भरे ट्रक

साप्ताहिक हाट के बीच बेखौफ दौड़ रहे भारी वाहन, जर्जर सड़क और ओवरलोडिंग से हर पल हादसे का खतरा

पाटन। सेलूद–गनियारी मुख्य मार्ग पर ग्राम चुनकट्टा में ओवरलोड गिट्टी से भरे ट्रकों का लगातार आवागमन ग्रामीणों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगने के कारण यहां  बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे और दोपहिया वाहन चालक पहुंचते हैं, लेकिन इसके बावजूद खदान संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए ओवरलोड ट्रकों से गिट्टी का परिवहन किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रकों में क्षमता से अधिक गिट्टी भरकर परिवहन किया जाता है। इससे सड़क पर चलते समय कभी भी गिट्टी उछलकर नीचे गिर सकती है, जिससे गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। बाजार के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ होने से खतरा और बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सेलूद–गनियारी मार्ग की सड़क भी काफी जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण भारी वाहन हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं, जिससे ट्रकों का संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। धूल के गुबार से राहगीरों और दुकानदारों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, खदानों से निकलने वाले ट्रकों की नियमित जांच हो तथा साप्ताहिक बाजार के समय भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाए। साथ ही जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *