गुरुकृपा फीड्स ढौर के बाहर भारी वाहनों का कब्जा, हर पल मंडरा रहा बड़े हादसे का खतरा

  • कुम्हारी हादसे से भी नहीं लिया सबक! सड़क के दोनों ओर खड़े ट्रक दे रहे मौत को न्योता

पाटन। कुम्हारी में सड़क किनारे खड़े वाहन से टकराने के कारण चार लोगों की दर्दनाक मौत की घटना को अभी एक सप्ताह भी नहीं बीता है, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने मानो उससे कोई सबक नहीं लिया। दुर्ग–पाटन मुख्य मार्ग से ग्राम ढौर होकर देवबलौदा पहुंच मार्ग पर स्थित गुरुकृपा फीड्स के बाहर आज भी सड़क के दोनों किनारों पर भारी ट्रकों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जो किसी भी समय बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती हैं।

स्थिति यह है कि सड़क के दोनों ओर खड़े ट्रकों के कारण मार्ग काफी संकरा हो जाता है। सामने से वाहन आने पर चालकों को जोखिम उठाकर निकलना पड़ता है। बरसात के मौसम में सड़क किनारे कीचड़, गड्ढे और फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन और दोपहिया चालक आवाजाही करते हैं, लेकिन सड़क पर खड़े ट्रकों के कारण उन्हें जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री में आने वाले ट्रकों को परिसर के भीतर खड़ा करने के बजाय सड़क पर ही घंटों और कई बार पूरे दिन खड़ा रखा जाता है। इससे यातायात प्रभावित होता है और आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस तथा अन्य आवश्यक वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार क्यों कर रहे हैं? कुम्हारी की दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था, लेकिन उसके बावजूद सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस से मांग की है कि गुरुकृपा फीड्स के बाहर सड़क पर खड़े ट्रकों को तत्काल हटाया जाए, सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा फैक्ट्री प्रबंधन को परिसर के भीतर ही पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यहां भी कुम्हारी जैसी दर्दनाक घटना दोहराई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *