पूर्व पालिका उपाध्यक्ष उमेश साहू को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता एवं पार्टी के सभी दायित्वों से 6 वर्ष के लिए निष्कासित


दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) ने संगठन विरोधी गतिविधियों एवं पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के आरोपों में अमलेश्वर निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के पूर्व उपाध्यक्ष उमेश कुमार साहू को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता तथा पार्टी के समस्त दायित्वों से तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उमेश साहू के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट में उन्हें संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाया। जांच समिति की अनुशंसा एवं प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि जांच के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता, संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन, कांग्रेस नेतृत्व की सार्वजनिक छवि धूमिल करने का प्रयास तथा पार्टी से पूर्व में निष्कासित व्यक्ति के साथ लगातार राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहने जैसे आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए।
जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि निष्कासन अवधि के दौरान उमेश साहू कांग्रेस पार्टी के किसी भी संगठनात्मक कार्यक्रम, बैठक अथवा गतिविधि में पार्टी प्रतिनिधि या पदाधिकारी के रूप में भाग नहीं ले सकेंगे और न ही स्वयं को कांग्रेस का अधिकृत प्रतिनिधि या कार्यकर्ता के रूप में प्रस्तुत कर सकेंगे।
यह आदेश 17 जुलाई 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *