सांसद विजय बघेल ने किया सांसद निधि से निर्मित सत्संग सभागार एवं वाचनालय भवन का लोकार्पण


भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने सांसद निधि से ₹12 लाख की लागत से निर्मित सत्संग सभागार एवं वाचनालय भवन का दीक्षित कॉलोनी, कोसा नगर भिलाई में फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर सांसद श्री बघेल ने संत कबीर साहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा पूज्य संत श्री बलवान साहेब का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति में पूज्य संत महान साहेब (आचार्य, श्री कबीर निर्णय मंदिर, नागझिरी, बुरहानपुर, मध्य प्रदेश), पूज्य संत निकटेश्वर साहेब (श्री कबीर निर्णय मंदिर), पुर्षेन्द्र साहेब, रमण साहेब, कल्याण साहेब, महंत अन्त राम साहेब, साध्वी विजय लक्ष्मी, प्रीतम दास साहू, संतोष गोड, पोखन साहू, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, पार्षद संदीप निरंकारी (वार्ड क्रमांक 5, कोसा नगर), निर्मल साहू, जंगलु साहू, गिरधर साहू एवं तामेश्वर लाल साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि संत कबीर साहेब की वाणी मानव जीवन को सही दिशा देने वाली अमूल्य धरोहर है। उनके प्रत्येक शब्द में जीवन जीने की प्रेरणा और समाज को जोड़ने का संदेश निहित है। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब के अनुयायी समाज को संगठित कर उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि कबीर मंदिर समिति द्वारा समाजहित में जो भी उचित प्रस्ताव रखा जाएगा, उसके लिए वे सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्मित सत्संग सभागार एवं वाचनालय भवन में नियमित रूप से कबीर साहेब की अमृतवाणी का सत्संग होगा और यह भवन सामाजिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर पार्षद संदीप निरंकरी ने पांच पंखे एवं प्रमोद सिंह ने दो पंखे, पोखन साहू द्वारा बिजली वायरिंग की व्यवस्था किया भवन को समर्पित किए।
कार्यक्रम के अंत में संतजनों ने सत्संग एवं आशीर्वचन प्रदान किए। बड़ी संख्या में कबीर साहेब के श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्मित भवन को समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सांसद श्री विजय बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *