स्वामी आत्मानंद स्कूल सेलूद के मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल


पाटन। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सेलूद में मंगलवार को मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आई। विधायक प्रतिनिधि अजय राजपूत एवं ग्राम पंचायत के उपसरपंच राकेश साहू, पंच धनंजय साहू विद्यालय पहुंचकर मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बच्चों ने उपस्थित शिक्षकों के सामने बताया कि कुछ दिन पहले परोसे गए मध्यान्ह भोजन में कीड़ा निकला था, जिसके कारण कई बच्चों ने उस दिन भोजन नहीं किया। बच्चों की शिकायत सुनने के बाद जनप्रतिनिधियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
निरीक्षण के दौरान परोसे गए भोजन में दाल की मात्रा को लेकर भी सवाल उठे। विधायक प्रतिनिधि अजय राजपूत ने मौके से ही मोबाइल फोन के माध्यम से विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) एवं संकुल समन्वयक को पूरे मामले की जानकारी देते हुए मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी मध्यान्ह भोजन योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। यदि भोजन की गुणवत्ता या स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही बरती जा रही है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं उपसरपंच राकेश साहू ने भी विद्यालय में नियमित निगरानी एवं भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *