अचानकपुर सरपंच की आपत्तिजनक पोस्ट से सतनामी समाज में आक्रोश

  • तहसील सतनामी समाज ने सरपंच के ऊपर कार्यवाही करने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत अचानकपुर के सरपंच देवानंद साहू द्वारा कथित रूप से सोशल मीडिया पर सतनामी समाज के संबंध में आपत्तिजनक एवं जातिगत टिप्पणी साझा किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर तहसील सतनामी समाज पाटन ने लवकेश ध्रुव अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन को ज्ञापन सौंपकर सरपंच के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सरपंच ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस एवं व्हाट्सएप ग्रुप में ऐसा संदेश साझा किया, जिससे सतनामी समाज की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। समाज के पदाधिकारियों ने इसे जातिगत वैमनस्य फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
समाज का कहना है कि सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति से मर्यादित और जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है। मुखिया पद पर चुना गया व्यक्ति इस प्रकार दूषित मानसिकता रखता हैं, तो यह आचरण न केवल सामाजिक सद्भाव के विपरीत है, बल्कि जनप्रतिनिधि की गरिमा पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
तहसील सतनामी समाज पाटन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर संबंधित सरपंच के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए तत्काल सरपंच पद से बर्खास्तगी की जाए।
समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो सतनामी समाज आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

मौके पर मुख्य रूप से तहसील अध्यक्ष संतराम कुर्रे,शीतकरण महिलवार, उत्तरा सोनवानी,ईश्वर बंजारे,सूर्यकांत टंडन, अम्बेडकर जोशी,रामनाथ गायकवाड,गौरव कौशल,खिलेश मार्कण्डेय,आकाश चेलक,अभिषेक चतुर्वेदी,प्रशांत कुर्रे,रमेश कुर्रे,संजय कुमार, अहेद्र चेलक,दिलीप टंडन,घासीराम बंधे,राजेश बघेल सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *