शिक्षक विहीन स्कूल पर फूटा जनाक्रोश, पालकों और जनप्रतिनिधियों ने किया तालाबंदी



नियमित शिक्षकों की मांग को लेकर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रानीतराई में जड़ा ताला, शिक्षा विभाग के खिलाफ जताया विरोध


रानीतराई। वर्षों से एक भी नियमित शिक्षक की पदस्थापना नहीं होने से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रानीतराई में पालकों और जनप्रतिनिधियों का आक्रोश आखिरकार फूट पड़ा। नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर 8 जुलाई को विद्यालय में तालाबंदी कर शिक्षा विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।


विद्यालय में लंबे समय से पढ़ाई केवल अटैचमेंट व्यवस्था के भरोसे संचालित हो रही है, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई बार मांग और शिकायत के बावजूद शिक्षा विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से नाराज पालकों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस आंदोलन में शाला विकास समिति अध्यक्ष अशोक शर्मा, जनपद प्रतिनिधि भेदप्रकाश वर्मा, सरपंच सत्यनारायण टिकरिहा, उपसरपंच राजा ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पालक मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक विद्यालय में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *