खबर का असर: तहसील कार्यालय में जनगणना कार्य में संलग्न दो लिपिकों को किया गया भारमुक्त


पाटन। शासकीय विद्यालयों के लिपिक एवं कर्मचारियों के एसडीएम-तहसील कार्यालय में संलग्न रहने से विद्यालयों की कार्यालयीन व्यवस्था प्रभावित होने संबंधी समाचार वेबपोर्टल News24carate.com में प्रमुखता के साथ प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन द्वारा शासकीय हाईस्कूल अचानकपुर में पदस्थ कुंदन ठाकुर (सहायक ग्रेड-3) तथा शासकीय हाईस्कूल पौहा में पदस्थ डिगेशचंद्र बोस (सहायक ग्रेड-2) को जनगणना संबंधी कार्य से भारमुक्त कर दिया गया है। अब दोनों कर्मचारी अपनी-अपनी मूल संस्था में उपस्थित होकर नियमित रूप से कार्य करेंगे।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से विद्यालयों के लिपिकीय कर्मचारियों के अन्य विभागों में संलग्न रहने से छात्रवृत्ति, वेतन, पत्राचार, अभिलेख संधारण सहित कई आवश्यक कार्यालयीन कार्य प्रभावित हो रहे थे। समाचार के प्रकाशन के बाद हुई इस कार्रवाई को विद्यालयों की प्रशासनिक व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि शेष संलग्न कर्मचारियों को भी शीघ्र उनके मूल विद्यालयों में वापस भेजा जाएगा, जिससे स्कूलों का कार्यालयीन कार्य पूरी तरह सुचारू हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *