बगनई नदी में फंसे 14 मजदूरों का सफल रेस्क्यू, रातभर पेड़ पर बिताई रात, सुबह सुरक्षित निकाले गए,,,,

खबर हेमंत तिवारी,,,,,,,,,,,,,,

छुरा। विकासखंड छुरा के अंतिम वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम बीजापाल में निर्माणाधीन पुल के कार्य में लगे 14 मजदूर अचानक बगनई नदी में आए तेज बहाव के कारण बीच धारा में फंस गए। लगातार हुई बारिश से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे मजदूरों को अपनी जान बचाने के लिए नदी किनारे मौजूद एक पेड़ का सहारा लेना पड़ा। सभी मजदूरों ने पूरी रात पेड़ पर ही बिताई और सुबह तक राहत एवं बचाव दल के पहुंचने का इंतजार किया।जानकारी के अनुसार फंसे हुए मजदूरों में 10 पुरुष एवं 4 महिलाएं शामिल थीं।

नदी का बहाव इतना तेज था कि रात के समय उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं हो पाया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और सुबह होते ही बचाव अभियान शुरू किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए गरियाबंद जिला प्रशासन और महासमुंद जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। महासमुंद से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

रेस्क्यू अभियान के दौरान गरियाबंद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, थाना प्रभारी तथा ग्राम पंचायत के सरपंच सहित प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों ने लगातार स्थिति की निगरानी करते हुए बचाव दल को आवश्यक निर्देश दिए।स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन और रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना की।

सभी मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *