जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक शाला प्रवेश उत्सव में हुईं शामिल, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया आत्मीय स्वागत


पाटन। जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक अपने गृह ग्राम बटंग स्थित शासकीय हाई स्कूल में आयोजित “शाला प्रवेश उत्सव” कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया तथा अध्ययन सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देते हुए सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीलम चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश चंद्राकर, ग्राम सरपंच श्री गेंदूराम वर्मा, उपसरपंच श्रीमती महेश्वरी वर्मा, पूर्व सरपंच श्रीमती चमेली ठाकुर, एसएमडीसी अध्यक्ष श्री अशोक निषाद, पठारी मैम, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक श्री सुधीर वर्मा, सीएससी प्रमुख श्रीमती श्रीवास्तव, प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार शर्मा, समस्त शिक्षकगण, पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्तागण, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अंत में श्रीमती कीर्ति नायक ने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाकर ही एक सशक्त, शिक्षित और समृद्ध भारत का निर्माण किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *