पाटन के दो शिक्षकों सहित दुर्ग जिले के तीन शिक्षकों को मिला राष्ट्रीय सम्मान, बीईओ कार्यालय में हुआ अभिनंदन

  • संस्कृति मंत्रालय के डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी प्रोजेक्ट में उत्कृष्ट योगदान के लिए नई दिल्ली में हुए सम्मानित, पाटन लौटने पर मिला सम्मान


पाटन। संस्कृति मंत्रालय की इकाई सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (CCRT), नई दिल्ली में आयोजित डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी सम्मान समारोह एवं ‘विरासत – कमलादेवी सांस्कृतिक महोत्सव’ गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने Long Live Democracy एवं डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष राम बहादुर राय ने आपातकाल के दौरान के अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों के साथ-साथ डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी (DDR) परियोजना में उत्कृष्ट योगदान देने वाले देशभर के चयनित 25 शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय रहा कि CCRT द्वारा आयोजित इस परियोजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य के तीन शिक्षकों को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। इनमें विकासखंड पाटन के टिकेश्वर प्रसाद गजपाल (शासकीय हाई स्कूल आगेसरा), राघवेन्द्र कुमार ध्रुव (शासकीय प्राथमिक शाला उमरपोटी) तथा पंकज सिंह राजपूत (शासकीय प्रोन्नत प्राथमिक शाला टिकरापारा खुरसुल) शामिल हैं।
इन शिक्षकों ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े व्यक्तियों, घटनाओं, ऐतिहासिक स्थलों और जनस्मृतियों के दस्तावेजीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके द्वारा संकलित ऐतिहासिक जानकारियों एवं ऐतिहासिक कथाओं ने राष्ट्रीय अभिलेखागार को समृद्ध बनाने में अहम भूमिका निभाई।
दुर्ग जिले के लिए विशेष गौरव की बात यह रही कि पूरे छत्तीसगढ़ से चयनित तीनों शिक्षक दुर्ग जिले के हैं, जिनमें दो शिक्षक पाटन विकासखंड से हैं। यह उपलब्धि जिले एवं पाटन क्षेत्र के लिए सम्मान और गर्व का विषय है।
समारोह के दौरान सीसीआरटी छात्रवृत्तिधारकों द्वारा प्रस्तुत ‘Musical Tribute to the Spirit of Democracy’ ने कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल, सीसीआरटी के अध्यक्ष डॉ. विनोद नारायण इंदुरकर, संयुक्त सचिव समर नंदा, कमलेश कुमार मिश्र, संस्कृति मंत्रालय के निदेशक राजीव कुमार तथा सीसीआरटी के निदेशक पप्पूंजय कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर पाटन लौटने पर विकासखंड शिक्षा कार्यालय पाटन में दोनों शिक्षकों टिकेश्वर प्रसाद गजपाल एवं राघवेन्द्र कुमार ध्रुव का सम्मान किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) डालेंद्र देवांगन ने दोनों शिक्षकों को गुलदस्ता भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनका अभिनंदन करते हुए इसे पाटन विकासखंड और दुर्ग जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *