आवास सूची से पात्र गरीबों के नाम गायब, सरपंचों ने जताई नाराजगी; जनपद CEO से की मुलाकात

  • ग्राम सभाओं में सूची वाचन के दौरान सामने आईं विसंगतियां, छूटे पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़ने की मांग तेज


पाटन। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जारी पात्र हितग्राहियों की सूची में कई जरूरतमंद परिवारों के नाम नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों में नाराजगी देखने को मिल रही है। 24 जून को प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं के दौरान सूची वाचन के समय कई ऐसे गरीब परिवार सामने आए, जिन्हें आवास की सख्त आवश्यकता है, लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया।
इस संबंध में विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) से मुलाकात कर पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े जाने की मांग की। सरपंचों का कहना था कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे और कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे। इस संबंध में राज्य एवं केंद्र सरकार से भी निवेदन किए जाने की बात कही गई।
जनपद पंचायत पाटन के CEO ने सरपंचों को आश्वस्त किया कि जिन पात्र हितग्राहियों के नाम वर्तमान सूची में नहीं हैं, उनकी जानकारी ग्राम सचिवों के माध्यम से जनपद कार्यालय भेजी जाए। उन्होंने बताया कि आवास प्लस का पोर्टल एवं वेबसाइट खुलने पर छूटे हुए पात्र परिवारों के नाम जोड़े जाने की प्रक्रिया की जाएगी तथा उन्हें योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत मटंग के सरपंच अमित हिरवानी, तरीघाट सरपंच चंद्रिका साहू,महकाखुर्द सरपंच अर्चना यादव, औंरी सरपंच कालिंद्री मानिकपुरी, खमरिया सरपंच सोनिया यदु, कौही सरपंच लीना साहू, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *