अचानकपुर के पंचों को मोबाइल पर धमकी और अश्लील गाली-गलौज, थाना उतई में शिकायत


पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत अचानकपुर के कई पंचों को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल फोन पर धमकी देने और अश्लील गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पंचों एवं उनके परिवारों में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोबाइल नंबर 8924913449 से रविवार को ग्राम पंचायत अचानकपुर के अधिकांश पंचों के मोबाइल पर कॉल किए गए। कॉल करने वाले व्यक्ति ने पंचों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अश्लील गालियां दीं तथा विभिन्न प्रकार की धमकियां भी दीं।
एक ही नंबर से लगातार कॉल आने के कारण पंच और उनके परिजन मानसिक रूप से परेशान एवं भयभीत हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिन-जिन पंचों के पास उक्त नंबर से कॉल आया था, वे सभी शाम को थाना उतई पहुंचे और थाना प्रभारी से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंप दी।
शिकायत में पंचों ने संबंधित मोबाइल नंबर धारक की पहचान कर उसके विरुद्ध उचित जांच एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *