राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगटा स्थित एक निजी रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट संचालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध नशा देकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, भिलाई निवासी 24 वर्षीय युवती को 18 जून की सुबह करीब 7 बजे अचेत अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे मुख्य आरोपी आशुतोष साहू ने पुलिस को बताया था कि वे सभी रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे और सुबह लगभग 5:30 बजे युवती बाथरूम में बेहोश मिली थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 17 जून को आशुतोष साहू और उसके साथी मृतका तथा उसकी एक सहेली के साथ पहले रायपुर के एक क्लब गए थे। इसके बाद देर रात सभी मनगटा स्थित ‘विसलिंग रिसॉर्ट’ पहुंचे, जहां यह घटना हुई।
पोस्टमार्टम में मिले संदिग्ध निशान……..
मृतका के पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान पाए गए। इसके बाद मृतका के परिजनों ने मामले में गहरी साजिश और हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमनी पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक समेत पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने शनिवार को तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला……
गिरफ्तार आरोपियों में आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26), निवासी राजनांदगांव, (विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट का मालिक),छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25), निवासी राजनांदगांव, घनश्याम बेलचंदन (25), निवासी दुर्ग तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (दुष्कर्म), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) तथा 3(5) (सामान्य आशय) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
विसरा रिपोर्ट का इंतजार……
पुलिस के अनुसार युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
मनगटा रिसॉर्ट मामला: युवती की संदिग्ध मौत के बाद रिसॉर्ट संचालक समेत तीन गिरफ्तार, सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज
