दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत नेवई पुलिस ने गांजा रखने के मामले में एक बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर की बाड़ी से गांजे के चार सूखे पौधे बरामद किए हैं, जिनका वजन 3.17 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 29 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एचएससीएल कॉलोनी शिवपारा, स्टेशन मरौदा निवासी महावीर मेहता (65 वर्ष) अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के सूखे पौधे छिपाकर रखा हुआ है। सूचना के आधार पर नेवई पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान घर की बाड़ी से गांजे के चार सूखे पौधे तना और जड़ सहित बरामद किए गए। पुलिस ने पौधों को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ए) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
30 हजार रुपये का मादक पदार्थ जब्त
नेवई पुलिस द्वारा जब्त किए गए गांजे के चार सूखे पौधों का कुल वजन 3.17 किलोग्राम है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक करन सोनकर, आरक्षक नारायण लाल ठाकुर, देवप्रकाश एवं प्यारे लाल का विशेष योगदान रहा।
