- राजस्थान के अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार, रायपुर में ठिकाने बदलकर छिप रहे थे
भिलाई। फर्जी व्हाट्सएप डीपी लगाकर कंपनी के बैंक खाते से 20 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले राजस्थान के अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना सुपेला एवं एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी रायपुर में होटल और किराए के मकानों में ठिकाने बदल-बदलकर छिपे हुए थे तथा लगातार साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 20 हजार रुपये नगद, मोबाइल, एटीएम कार्ड, सिमकार्ड और बैंक दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक सुंदर नगर भिलाई निवासी यश बत्रा ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी साईराम व्हील्स प्रायवेट लिमिटेड के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्तियों ने कंपनी डायरेक्टर श्रीचंद बत्रा की फोटो लगाकर फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई और अकाउंटेंट को झांसे में लेकर 20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
जांच में सामने आया कि कंपनी के तीनों डायरेक्टरों के बीच रकम लेनदेन के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप संचालित था। विभिन्न ब्रांचों की जरूरत अनुसार राशि भेजने के लिए ग्रुप में मैसेज किया जाता था और स्वीकृति मिलने पर अकाउंटेंट रकम ट्रांसफर करता था। आरोपियों ने इसी प्रक्रिया का फायदा उठाकर फर्जी व्हाट्सएप डीपी और मैसेज के जरिए ठगी को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में थाना सुपेला एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करते थे और कमीशन के आधार पर रकम निकालते थे। आरोपी व्हाट्सएप और जंगी ऐप के जरिए संपर्क में रहते थे तथा “टोकन सिस्टम” से पैसों का लेनदेन करते थे।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रायपुर के तनिष्क होटल राठौर चौक में ठहरे हुए हैं। पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही आरोपी लगातार ठिकाने बदलने लगे और रायपुर में किराए के मकान तलाशने लगे, ताकि छिपकर साइबर ठगी जारी रख सकें। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी, बैंक खातों के विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी पंकज शर्मा सहित कुछ आरोपियों को जय स्तंभ चौक के पास पकड़ा, जबकि अन्य आरोपियों को बूढ़ा तालाब क्षेत्र में किराए का मकान तलाशते हुए गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे राजस्थान से अलग-अलग शहरों में जाकर होटल और किराए के मकानों में रुकते थे तथा पहचान छिपाकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राजस्थान के लोगों के आधार कार्ड में स्थानीय पता अपडेट कर रायपुर में बैंक खाते खुलवाए गए थे, जिनका उपयोग साइबर ठगी की रकम के लेनदेन और निकासी में किया जाता था।
यह सामान हुआ जब्त
1 लाख 20 हजार रुपये नगद
6 मोबाइल
10 डेबिट कार्ड
4 पेन कार्ड
1 आधार कार्ड
1 वोटर आईडी
1 ड्राइविंग लाइसेंस
4 चेक बुक
1 पासबुक
3 सिम कार्ड
12 डिपॉजिट स्लिप
12 फोटो सहित अन्य दस्तावेज
गिरफ्तार आरोपी
मुरली जनागल, बीकानेर राजस्थान
गोपाल सोनी, बीकानेर राजस्थान
मोती सिंह, जोधपुर राजस्थान
मोतीलाल शर्मा, जोधपुर राजस्थान
बनवारी शर्मा, बीकानेर राजस्थान
पंकज शर्मा, जोधपुर राजस्थान
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 712/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
