? विक्रम कुमार नागेश गरियाबंद ब्यूरो
मैनपुर। बिन्द्रानवागढ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डमरूधर पुजारी सोमवार को मैनपुर पहुचें। इस दौरान वन विभाग विश्राम गृह में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा गरियाबंद जिलें के आदिवासी विकासखण्ड मैनपुर क्षेत्र में छत्तीसगढ सरकार के महत्वूपर्ण योजना खेलगढिया योजना में खेल सामग्री के बजाय जिला मिशन समन्वयक गरियाबंद श्याम चन्द्राकर के निर्देश पर 179 टेलीविजन की खरीदी कर इस योजना में जमकर भ्रष्ट्राचार किए जाने का मामला उजागर हुआ है। जबकि खेलगढिया योजना के तहत जिले भर के स्कूलों को करोडो रूपये की राशि सरकार द्वारा दी गई थी और इस राशि से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र छात्राओं के लिए खेलकूद सामग्री खरीदी करना था। जिसमें ग्रामीण प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता लेकिन जिला मिशन समन्वयक श्याम चन्द्राकर के निर्देश पर टेलीविजन खरीदी किया गया है। इस मामले की शिकायत के बाद जिला स्तर पर जांच समिति बनाकर क्षेत्र के संकुल स्तरोें में जांच किया गया है। और कार्यवाही के नाम पर स्थानीय विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक पर ही कार्यवाही की गई है। जबकि इस मामले में जिला मिशन समन्वयक पर कार्यवाही किया जाना था। लेकिन अब तक जिला मिशन समन्वयक पर कार्यवाही नही किया जाना समझ से परे है।विधायक श्री पुजारी ने तत्काल जिला मिशन समन्वयंक श्याम चन्द्राकर पर कार्यवाही करने की मांग करते हुए कहा इस माह विधानसभा सत्र होना है। मैनपुर विकासखण्ड के साथ गरियाबंद जिले के सभी विकासखण्डों में खेलगढिया योजना में किए गए अनिमितता भ्रष्ट्राचार को लेकर विधानसभा में उनके द्वारा मामला को उठाया जाऐगा। श्री पुजारी ने इस मामले में हुए जांच पर भी सवाल खडे करते हुए कहा कि जांच दल पुरे स्कूलो में नही पहुच पाए है। और संकुल स्तर पर ही जांच किया गया है। जब कि प्रत्येक स्कूलो में जांच करवाई जाए तो और भी चैकाने वाले तथ्य सामने आऐंगे। उन्होने आगे कहा खेलगढिया योजना में भ्रष्ट्राचार को लेकर पिछले दिनों संकूल समन्वयकों व स्थानीय प्रधान पाठकों व शिक्षको ने भी विकासखण्ड बी.आर.सी.सी कार्यलय का घेराव किया था। और जिला मिशन समन्वयक पर कार्यवाही की मांग किया था ।
विधायक श्री पुजारी ने आगे चर्चा में कहा बिन्द्रानवागढ विधानसभा क्षेत्र में किसान खाद के लिए इन दिनों की समस्या से जुझ रहे है।समय पर खाद नही मिलने से ऊचे दामों पर किसानों को खाद खरीदी करना पड रहा है। और देवभोग अमलीपदर क्षेत्र में लगातार बिजली बंद होने से जनता परेशान है। इस ओर राज्य के कांग्रेस सरकार द्वारा कोई ध्यान नही दिया जा रहा है। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेश शर्मा, भाजपा मंडल मैनपुर के अध्यक्ष दुलार सिन्हा, किसान मोर्चा के अध्यक्ष रामस्वरूप साहू, पूर्व सरपंच श्रीमती सरिता सेन, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता तुलसी राठौर राजेन्द्र तिवारी, महेश कश्यप, दिलीप साहू सहित स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
