पाटन में आईपीएल सट्टा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

  • ऑनलाइन ऐप के जरिए सट्टा खेलते पकड़े गए युवक, 73 हजार की नगदी व मोबाइल जब्त


पाटन (दुर्ग)। आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खेलने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नगदी सहित कुल 73 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को थाना पाटन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाटन के बाजार चौक स्थित मछली मार्केट के पास कुछ लोग मोबाइल एप के जरिए आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर थाना पाटन एवं एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 4 संदिग्धों को पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल में “सायलेंट 777” ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले करीब 15 दिनों से ऐप का लिंक खरीदकर आईपीएल मैचों में दांव लगा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये नगद और लगभग 63 हजार रुपये कीमत के 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
करन देवांगन (23), उत्तम निषाद (29), गोपाल निषाद (27) और लोकेश उर्फ अरमान यादव (29)
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, एसीसीयू दुर्ग की टीम एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध सट्टा या जुआ गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *