पतोरा पंचायत में 6.50 लाख की नीलामी राशि पर घोटाले के आरोप, जांच में देरी से बढ़ा आक्रोश…पंचायत प्रतिनिधियों ने सांसद से लगाई गुहार

पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत पतोरा में शासकीय दुकान नीलामी की राशि में भारी गड़बड़ी और गबन के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और जनप्रतिनिधियों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है।

सरपंच द्वारा विजय बघेल सांसद, दुर्ग लोकसभा क्षेत्र को भेजी गई लिखित शिकायत में खुलासा किया गया है कि फरवरी 2025 में पंचायत द्वारा दुकान आवंटन (नीलामी) से लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। इस राशि को दस्तावेजों में फिक्स डिपॉजिट (FD) के रूप में दर्शाया गया, जबकि बैंक स्टेटमेंट में ऐसी कोई FD दर्ज नहीं मिली।

शिकायत में यह भी आरोप है कि दुकानदारों से प्राप्त नकद राशि को पंचायत के आधिकारिक खाते में जमा ही नहीं किया गया। एक वर्ष बीतने के बाद भी पूरी राशि का स्पष्ट लेखा-जोखा सामने नहीं आ पाया है, जिससे पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि तत्कालीन सचिव द्वारा कथित रूप से राशि को अपने निजी खाते से अलग-अलग किस्तों में निकालकर पंचायत खाते में जमा किया जा रहा है। इस प्रक्रिया ने पूरे लेन-देन को संदिग्ध बना दिया है और वित्तीय पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही अन्य शासकीय मदों की राशि के उपयोग को लेकर भी संदेह गहराता जा रहा है।

सरपंच भुनेश्वर साहू  ने इसे शासकीय धन का खुला दुरुपयोग बताते हुए उच्चस्तरीय जांच और दोषी सचिव के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, यहां तक कि सेवा से बर्खास्त करने की बात भी कही गई है।

गौरतलब है कि इस मामले को लेकर पहले ही जनपद सदस्य चंद्रिका चित्रसेन कलिहारी और पंचायत प्रतिनिधियों ने एडीएम पाटन को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी जांच शुरू नहीं होने से नाराजगी चरम पर है। प्रशासन की चुप्पी ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया है। अब जनप्रतिनिधियों ने सीधे सांसद विजय बघेल से हस्तक्षेप की मांग कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में इस मामले में बड़ा खुलासा संभव माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *