घटारानी घाट में भालू का हमला, घायल युवक बाल बाल बचे,,,,,

खबर हेमंत तिवारी,,,,,,,,,

राजिम //गरियाबंद जिले के वनांचल क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सुरुंगपानी के जंगल में पानी पीने रुके युवक पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों और वन विभाग की तत्परता से तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया।

बता दें कि ग्राम लोहरसी निवासी राजकुमार यादव आज एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घटारानी घाट के पास बसे ग्राम केडी आमा (रमनपुर) जा रहे थे। दोपहर लगभग 12 बजे वे सुरुंगपानी क्षेत्र में पानी पीने के लिए रुके, तभी झाड़ियों से निकलकर एक भालू ने उन पर हमला कर दिया।
भालू ने उनके दाहिने जंघा पर दांतों से काट लिया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। साथ ही नाखूनों से पैर पर गहरे खरोंच भी आए। अचानक हुए इस हमले से वे संभल नहीं पाए, लेकिन संयोगवश भालू हमला कर वहां से भाग गया, जिससे उनकी जान बच सकी।


घायल अवस्था में ही राजकुमार यादव किसी तरह केडी आमा पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग को सूचना दी और उन्हें तुरंत खडमा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया वहीं पीड़ित राजकुमार यादव ने बताया कि वे बाल-बाल बचे हैं और समय पर मदद के लिए ग्रामीणों, वन विभाग तथा सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

वहीं वन विभाग एवं ग्रामीणों ने वनांचल क्षेत्र में वनोपज संग्रह करने वाले लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल में न जाएं, सतर्क रहें और वन्य जीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि ऐसी अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *