गैस एजेंसी में बाउंसरों की दबंगई: ग्राहकों से मारपीट, तीन पर कार्रवाई


दुर्ग। खुर्सीपार थाना क्षेत्र स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर लेने पहुंचे ग्राहकों के साथ बाउंसरों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बाउंसरों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 को संतोष कुमार बैठा (32 वर्ष), निवासी दुर्गा मंदिर खुर्सीपार, गैस लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े थे। इसी दौरान लाइन में लगने को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एजेंसी में तैनात बाउंसरों ने ग्राहक के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की।
मामले की शिकायत मिलने पर थाना खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के बाद हरिओम चौधरी (23 वर्ष), निवासी हाथखोज भिलाई, विकास सिंह (27 वर्ष), निवासी खुर्सीपार, और विक्की विश्वकर्मा (30 वर्ष), निवासी कैंप-01 छावनी के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। तीनों को अनुविभागीय दंडाधिकारी, छावनी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना का मुख्य कारण गैस एजेंसी में लाइन लगाने को लेकर हुआ विवाद था। समय रहते पुलिस हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *