अवैध शराब कारोबार पर उतई पुलिस का शिकंजा, 6.48 बल्क लीटर शराब सहित आरोपी गिरफ्तार

उतई। अवैध शराब बिक्री के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में उतई थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डुमरडीह नहर पार स्थित एक होटल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही उतई पुलिस और एसीसीयू टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चेतन ढीमर (29 वर्ष), निवासी ग्राम पहंडोर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से विभिन्न प्रकार की देशी और विदेशी शराब कुल 6.480 बल्क लीटर तथा बिक्री की नगदी बरामद की गई। जप्त शराब की कुल कीमत करीब 3720 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा था।
इस कार्रवाई में थाना उतई के सउनि सुरेश पाण्डेय, आरक्षक महेश यादव, आरक्षक महिपाल यादव सहित एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री या नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *