पंचायत सचिव-रोजगार सहायक गिरफ्तार : पद का दुरुपयोग कर लाखों का घोटाला, दोनों आरोपी जेल भेजे गए




बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। जनपद पंचायत शंकरगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिगवां में पंचायत सचिव और रोजगार सहायक द्वारा पद का दुरुपयोग कर लाखों रुपये का गबन करने का मामला उजागर हुआ है। जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
🔴 फर्जी जियो टैगिंग कर निकाली लाखों की राशि
जांच में सामने आया कि पंचायत सचिव जॉन कुमार टोप्पो और रोजगार सहायक संजय दास ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे मकानों को पूरा दिखाकर फर्जी जियो टैगिंग की। इसके आधार पर हितग्राहियों के खातों में राशि ट्रांसफर कराई गई और उनसे अंगूठा लगवाकर पैसे निकाल लिए गए।
🔴 मनरेगा में फर्जी मास्टर रोल से गड़बड़ी
इतना ही नहीं, आरोपियों ने मनरेगा योजना में भी फर्जी मास्टर रोल तैयार कर मजदूरी की राशि अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की। इस तरह योजनाओं के नाम पर सुनियोजित तरीके से आर्थिक अनियमितता की गई।
🔴 10 लाख से ज्यादा का गबन
जांच में पाया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के 7 हितग्राहियों के नाम पर करीब 9.05 लाख रुपये और मनरेगा से 1 लाख रुपये से अधिक की राशि निकालकर कुल लगभग 10 लाख रुपये से ज्यादा का गबन किया गया।
🔴 एक ही व्यक्ति को दो नाम से मिला लाभ
मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे भी हुए हैं। एक ही व्यक्ति को दो अलग-अलग नामों से योजना का लाभ दिलाया गया। वहीं पति-पत्नी के नाम बदलकर भी दोहरी स्वीकृति देकर राशि निकाली गई।
🔴 अधूरे मकानों पर भी जारी कर दी रकम
कई ऐसे हितग्राही पाए गए जिनके मकान का निर्माण शुरू भी नहीं हुआ था, फिर भी उनके खातों में लाखों रुपये की राशि जारी कर दी गई। कुछ मामलों में ओटीपी के जरिए रकम निकालने और कई बार अंगूठा लगवाकर पैसे लेने की बात भी सामने आई है।
🔴 इस तरह रचा गया पूरा खेल
जांच रिपोर्ट के अनुसार पंचायत में 26 मकान पूर्ण और 47 निर्माणाधीन थे, लेकिन कई अपूर्ण मकानों को पूर्ण दिखाकर राशि निकाल ली गई। अलग-अलग हितग्राहियों के नाम पर फर्जी तरीके से भुगतान कर योजनाओं का दुरुपयोग किया गया।
🔴 एफआईआर दर्ज, दोनों आरोपी गिरफ्तार
जनपद पंचायत सीईओ की शिकायत पर शंकरगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
🔴 प्रशासन का सख्त संदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *