दीवारों पर लिखे विकास कार्य, लोहरसी पंचायत में पारदर्शिता की नई पहल

  • सरपंच राकेश साहू ने एक साल के काम किए सार्वजनिक, योजनाओं व खर्च की जानकारी गांव के सामने रखी


पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहरसी में पंचायत के विकास कार्यों को सार्वजनिक करने की अनोखी पहल की गई है। सरपंच राकेश साहू ने पिछले एक वर्ष में कराए गए सभी विकास कार्यों की जानकारी पंचायत भवन की दीवारों पर लिखवाकर ग्रामीणों के सामने रखी है। इस पहल को पंचायत में पारदर्शिता की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।


दीवारों पर अंकित जानकारी के अनुसार पंचायत द्वारा गांव में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई कार्य कराए गए हैं। इनमें गांव के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना, पानी टंकी की व्यवस्था, सामुदायिक भवन में किचन शेड निर्माण, भवनों में वायरिंग, शीलिंग फैन और शौचालय व्यवस्था शामिल हैं। इसके अलावा पानी मेन सप्लाई की मरम्मत, स्कूल शौचालय रिपेयरिंग, भवनों की पेंटिंग और जमीन समतलीकरण के लिए मुरुम डालने जैसे कार्य भी कराए गए हैं।
पंचायत द्वारा शीतला तालाब में लाइट और पानी की व्यवस्था तथा दशहरा मैदान में मुरुम डालकर मैदान को बेहतर बनाया गया है। प्रशासनिक कार्यों के संचालन के लिए चपरासी, कंप्यूटर ऑपरेटर और नल ऑपरेटर का मानदेय भी सुनिश्चित किया गया है।
इसके साथ ही पंचायत परिसर की दीवारों पर शौचालय निर्माण के लिए मिलने वाली राशि की सूची, उज्ज्वला योजना 2026-27 के हितग्राहियों के नाम और स्कूल में मध्याह्न भोजन के लिए सहयोग देने वाले दानदाताओं की सूची भी प्रदर्शित की गई है।


सरपंच राकेश साहू का कहना है कि पंचायत के सभी कार्यों को सार्वजनिक करने का उद्देश्य ग्रामीणों के बीच पारदर्शिता बनाए रखना और योजनाओं की जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। पंचायत की इस पहल की ग्रामीणों में सराहना भी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *