आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, रायपुर का वार्षिक समारोह “अनुराग शर्मा नाइट” के साथ सफलतापूर्वक संपन्न।

-विक्रम शाह ठाकुर

कुम्हारी। द आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, कुम्हारी में आयोजित वार्षिक समारोह हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों, गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों एवं पूर्व विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) शिव दयाल पांडेय ने की। उन्होंने उपस्थित गणमान्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। अपने संबोधन में कुलपति ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया तथा विश्वविद्यालय की समग्र विकास की प्रतिबद्धता को दोहराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत स्वागत के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा विविध रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया। वार्षिक समारोह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बना।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने आयोजन समिति, संकाय सदस्यों एवं छात्र स्वयंसेवकों के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त किया। सुव्यवस्थित आयोजन एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया।

द आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, ने एक बार पुनः यह सिद्ध किया कि वह शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व देता है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “अनुराग शर्मा नाइट” रहा, जिसमें प्रसिद्ध गायक अनुराग शर्मा ने अपने गीतों के माध्यम से सुमधुर प्रस्तुति देकर समस्त उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके शानदार प्रस्तुति से पूरा परिसर संगीत और उत्साह से गूंज उठा तथा श्रोताओं ने पूरे जोश के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *