होली से पहले दुर्ग पुलिस की सख्ती, 28 असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई कर भेजा जेल


दुर्ग। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाते हुए 28 असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार होली के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों, चाकूबाजी की प्रवृत्ति रखने वाले व्यक्तियों तथा अवैध हथियार रखने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में अशांति फैलाने और आपराधिक घटना की आशंका के आधार पर 28 आदतन आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान थाना दुर्ग से 2, मोहन नगर से 4, अंजोरा से 1, नगपुरा से 1, नेवई से 2, सुपेला से 5, जामुल से 2, पुरानी भिलाई से 4, पाटन से 1, उतई से 2 और धमधा से 4 आरोपियों पर कार्रवाई की गई है।
इस अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों, थाना स्टाफ, विशेष शाखा और पेट्रोलिंग टीमों की सक्रिय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *