दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र में भेड़ और नगदी की झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी की गई भेड़ और घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कूटी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 22 फरवरी की शाम लगभग 6:15 बजे प्रार्थी मोहम्मद अशरफ उर्फ सुल्तान कुरैशी, निवासी अहिवारा, ग्राम अकोला कपासबाड़ी से एक भेड़ खरीदकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। केडिया नाला के आगे पंचदेवरी तिराहा कच्चा मार्ग पर काले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवकों ने उनका पीछा कर एक भेड़ और 5 हजार रुपए नकद झपट लिए और फरार हो गए।
मामले में थाना कुम्हारी में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत जांच शुरू की गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, संदिग्धों से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजू बेलदार (23 वर्ष), निवासी बेलदारपारा, कुम्हारी और राकेश सोरी (23 वर्ष), निवासी रामनगर, कुम्हारी शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने लूटी गई भेड़ और स्कूटी जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
भेड़ और 5 हजार की झपटमारी: कुम्हारी पुलिस ने दो को दबोचा, एक फरार
