पाटन । विकासखंड पाटन के ग्राम कौही स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के पास संचालित ईंट भट्ठों से फैल रहे प्रदूषण को लेकर पालकों में गहरी नाराजगी है। इस संबंध में पालकों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पाटन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि स्कूल परिसर के नजदीक संचालित ईंट भट्ठों से निकलने वाला धुआं और प्रदूषण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। इस विषय में पूर्व में भी संबंधित कार्यालय को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक भट्ठा संचालकों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं नए भट्ठों का संचालन भी लगातार जारी है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
पालकों ने चेतावनी दी है कि जब तक भट्ठों का संचालन बंद कर प्रदूषण की समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया जाता, तब तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे और विद्यालय में तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग और उच्च अधिकारियों की होगी।
ज्ञापन पर बड़ी संख्या में पालकों के हस्ताक्षर हैं। पालकों ने प्रशासन से बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
कौही में ईंट भट्ठों के प्रदूषण से परेशान पालकों ने स्कूल में तालाबंदी की दी चेतावनी
