सेलूद। शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्वामी आत्मानंद विद्यालय सेलूद में शुक्रवार को विद्यालय प्रांगण में भव्य वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। छत्तीसगढ़ी, पंजाबी एवं राजस्थानी लोकनृत्यों व गीतों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता एवं एकता का सुंदर संदेश दिया, जिसे उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण एवं वार्षिक प्रतिवेदन का वाचन विद्यालय की प्राचार्य पियाली सेन द्वारा किया गया। समारोह दो सत्रों में संपन्न हुआ।
प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि विजय बघेल, सांसद दुर्ग लोकसभा क्षेत्र रहे। अध्यक्षता रमेश देवांगन, अध्यक्ष शाला विकास समिति ने की। विशेष अतिथि के रूप में खेमिन खेमलाल साहू (पूर्व सरपंच सेलूद), चंद्रिका कलिहारी (जनपद सदस्य) एवं टामन साहू (अध्यक्ष सेवा समिति सेलूद) उपस्थित थे।
द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रतिनिधि एवं पूर्व ओएसडी आशीष वर्मा रहे। अध्यक्षता खिलेश मार्कण्डे, सरपंच ग्राम पंचायत सेलूद ने की। विशेष अतिथि के रूप में जयश्री वर्मा (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) एवं राकेश कुमार साहू (उपसरपंच ग्राम पंचायत सेलूद) उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने स्कूली छात्राओं से अपने छात्र जीवन की चर्चा करते हुए कहा कि पहले और आज के स्कूलों में भौतिक सुविधाओं को लेकर काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि उनके छात्र जीवन के समय रामलीला जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लड़कियों की अनुपस्थिति के कारण लड़कों को ही लड़कियों का पात्र निभाना पड़ता था और उन्होंने स्वयं भी सीता की भूमिका निभाई थी। सांसद बघेल ने विद्यालय में बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया। बच्चों की मांग पर उन्होंने “मोर संग चलव” गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।
द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि आशीष वर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गरीब एवं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में स्वामी आत्मानंद विद्यालयों की स्थापना की। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया।
समारोह में विद्यालय के शिक्षकगण एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कन्या विद्यालय की प्राचार्य एम.बी. बंजारे, खेमलाल साहू, अजय राजपूत, लक्ष्मण वर्मा, किरण सोनवानी, लक्ष्मण साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं पालकगण उपस्थित थे।
स्वामी आत्मानंद विद्यालय सेलूद में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
