अजय बरेठ की ताबड़तोड़ 73 रनों की पारी से पुलिस मुख्यालय की एकतरफा जीत


  • एनपीएल का रंगारंग शुभारंभ, थीम सांग से गूंज उठा मैदान


नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ एवं संचालनालयीन शासकीय कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नवा रायपुर प्रीमियर लीग (एनपीएल) का भव्य शुभारंभ ग्राम राखी स्थित खेल मैदान में किया गया। इस प्रतियोगिता में मंत्रालय, संचालनालय, निगम, बोर्ड, आयोग सहित प्रदेशभर के शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
एनपीएल के सह-संयोजक जय कुमार साहू एवं संतोष कुमार वर्मा ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना, साथ ही दैनिक शासकीय कार्यों के दबाव से हटकर मानसिक एवं शारीरिक सुदृढ़ता को बढ़ावा देना है। इस वर्ष प्रतियोगिता को लेकर नवा रायपुर के शासकीय कार्यालयों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन कमल वर्मा, प्रांतीय संयोजक, छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एनपीएल के माध्यम से विभिन्न विभागों में कार्यरत शासकीय सेवकों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द, मनोरंजन तथा प्रतिभा को मंच प्रदान किया जा रहा है। विगत 9 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह आयोजन अपने आप में अनुकरणीय है।
उद्घाटन मुकाबले का संक्षिप्त विवरण
आज का उद्घाटन मैच पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर एवं ऊर्जा विभाग मंत्रालय के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पुलिस मुख्यालय की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। टीम की ओर से अजय बरेठ ने शानदार एवं आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 73 रन की पारी खेली। ऊर्जा विभाग की ओर से कुलदीप ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट लिया।
जवाब में ऊर्जा विभाग मंत्रालय की टीम 8 ओवरों में 4 विकेट खोकर मात्र 49 रन ही बना सकी। पुलिस मुख्यालय की ओर से संतोष एवं रामेश्वर ने 1-1 विकेट प्राप्त किया। इस प्रकार पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर ने मुकाबला एकतरफा अंदाज़ में जीत लिया। आयोजन समिति द्वारा अजय बरेठ को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस अवसर पर सुनील उपाध्याय (कोषालय अधिकारी), श्रीमती जगदीप बजाज, संजीत शर्मा, राजेश ठक्कर, सुरेंद्र मार्कण्डेय, देवाशीष दास, लोकेश वर्मा, महेंद्र साहू, अमित शर्मा, अनिल मालेकर, सुरेश ढीढी, एसाम साहू, आशीष वज्रपात, विष्णु पाटेकर, राघव, रमन साहू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *