पाटन। विकासखंड पाटन अंतर्गत ग्राम लोहरसी में समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति में आयोजित ग्रामीण बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक का उद्देश्य ग्राम में शांति, स्वच्छता एवं अनुशासन को सुदृढ़ करना रहा।
बैठक में डोम तालाब की नीलामी का निर्णय लिया गया, जिसकी प्रक्रिया 11 जनवरी को संपन्न की जाएगी।
ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया कि 05 जनवरी 2026 से भागा पारा एवं संपूर्ण बस्ती पारा क्षेत्र में शराब सेवन एवं गाली-गलौज पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नियम का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा, जिसकी राशि बस्ती फंड में जमा की जाएगी। वहीं, शराब पीने की सूचना देने वाले व्यक्ति को 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि बस्ती फंड से प्रदान की जाएगी।
जल निकासी व्यवस्था पर भी सख्ती
बैठक में गली-गलौज एवं जल निकासी की समस्या पर भी कड़े निर्देश दिए गए। जिन घरों से गली में पानी बहता है, उन्हें सड़क के लेवल से नीचे सोख्ता गड्ढा बनाना अनिवार्य किया गया है। यदि पानी के कारण किसी वाहन को क्षति होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित घर मालिक की होगी।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि ग्रामसभा द्वारा लिए गए इन निर्णयों का मुख्य उद्देश्य गांव में शांति, स्वच्छता और सामाजिक अनुशासन बनाए रखना है। सभी ग्रामवासियों से नियमों का पालन करने एवं सहयोग की अपील की गई है।
