भाजपा की “B टीम” सक्रिय? अभनपुर विधानसभा में कांग्रेस के भीतर बढ़ी हलचल

अभनपुर। विधानसभा चुनाव को दो वर्ष बीत चुके हैं और अगले चुनाव में अभी तीन साल का समय शेष है, लेकिन राजनीतिक हलचल अभी से तेज होने लगी है। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है, जबकि कांग्रेस अभी भी तैयारी के मामले में पीछे नजर आ रही है।

कांग्रेस के पास धान खरीदी, बिजली बिल और जनहित के कई ज्वलंत मुद्दे मौजूद हैं। दूसरी ओर भाजपा महतारी वंदन योजना को लेकर आत्मविश्वास से भरी दिखाई दे रही है। इसी बीच चुनाव आयोग द्वारा लागू किए गए SIR ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। बिहार चुनाव के दौरान भाजपा को हुए राजनीतिक लाभ और मतदाता सूची से नाम गायब होने जैसे मामलों को देखते हुए कांग्रेस को आशंका है कि इससे उसके मतदाता प्रभावित हो सकते हैं।


अभनपुर सीट: जनता में फिर बढ़ रही धनेन्द्र साहू की चर्चा

अभनपुर विधानसभा से भाजपा विधायक इंद्रकुमार साहू ने पिछले चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनेन्द्र साहू को कड़ी शिकस्त दी थी। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय के बाद विधायक इंद्रकुमार साहू जनता से तादात्म्य स्थापित करने, विकास कार्यों की गति बनाए रखने और जनसंपर्क के मामले में कमजोर साबित हुए हैं।

इसी कारण अब स्थानीय स्तर पर धनेन्द्र साहू के कार्यकाल और उनके व्यवहार को लेकर लोगों में सकारात्मक चर्चाएं फिर से बढ़ रही हैं, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहजनक मानी जा रही है।


भाजपा ने बनाई “B टीम”? कांग्रेस में बढ़ रहा अंतर्द्वंद्व

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार भाजपा अभनपुर में अपने विधायक की कमजोर स्थिति को देखते हुए कांग्रेस के कुछ प्रभावशाली नेताओं को अपने संपर्क में रखकर एक “B टीम” तैयार कर रही है। उद्देश्य—कांग्रेस के भीतर अंतर्द्वंद्व को बढ़ाकर संगठन को कमजोर करना।

पिछले महीने एक कांग्रेसी नेता का जन्मदिन समारोह भाजपा नेताओं द्वारा आयोजित करवाए जाने की चर्चा पूरे क्षेत्र में रही। बताया जाता है कि कार्यक्रम का संपूर्ण प्रबंधन भाजपा के एक प्रमुख नेता ने संभाला था और स्वयं विधायक इंद्रकुमार साहू भी इसमें उपस्थित रहे, जिसने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया।

कांग्रेस के कुछ ऐसे नेता, जो संगठन में बड़े पदों पर रहे हैं, आजकल भाजपा नेताओं के संपर्क में आकर खुले रूप से बगावत करते दिख रहे हैं।


अवैध खनन से जुड़े मामले में भी उठ रहे सवाल

सूत्रों के अनुसार, युवा कांग्रेस से जुड़े एक बड़े पदाधिकारी, जिनका अवैध खनन से संबंध बताया जाता है, पिछले डेढ़ वर्ष पूर्व एक अवैध रेत खनन से जुड़े हत्या मामले में आरोपित हुए थे। यह चर्चा है कि उन्हें बचाने में भाजपा विधायक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके बाद से वे भाजपा की कथित “B टीम” का प्रमुख चेहरा बन गए हैं। यह मामला भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।


जनता की निगाह धनेन्द्र साहू पर

धनेन्द्र साहू के जनसंपर्क, व्यवहार और कार्यशैली की चर्चा अभनपुर में निरंतर बढ़ रही है। जनता मौजूदा घटनाक्रम पर बारीकी से निगाह बनाए हुए है और कांग्रेस कार्यकर्ता भी भाजपा की कथित “B टीम” की गतिविधियों को बखूबी समझ रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि आने वाले समय में कांग्रेस के और कौन से चेहरे भाजपा की इस रणनीति का हिस्सा बनते हैं।


जल्द आएगी अन्य सीटों की ग्राउंड रिपोर्ट

रायपुर जिले की सभी विधानसभा सीटों का अंतर्निहित विश्लेषण एवं ग्राउंड रिपोर्ट क्रमिक रूप से जारी की जाएगी।
तब तक इंतजार कीजिए अगले विश्लेषण का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *